बेतिया: जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण, शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई कार्यालय परिचारी परीक्षा

बेतिया, 11 मई — बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना द्वारा विज्ञापन संख्या 02/2022 के अंतर्गत विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यालय परिचारी हेतु प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा आज जिले के 12 परीक्षा केन्द्रों पर एकल पाली में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।

जिलाधिकारी श्री दिनेश कुमार राय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने विपिन हाई स्कूल, आर.एल.एस.वाई कॉलेज एवं एम.जे. कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीटिंग प्लान, फ्रिस्किंग स्थल, सीसीटीवी, जैमर, वीडियोग्राफी समेत सभी जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा के शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त संचालन पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी केन्द्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल को आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।

परीक्षा में परीक्षार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन समस्त केन्द्रों पर व्यवस्था चाक-चौबंद पाई गई। बाद में जिलाधिकारी ने समाहरणालय स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर अधिकारियों से परीक्षा की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।

इस अवसर पर अनेक प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अपर समाहर्ता  कुमार रविन्द्र, अनिल कुमार सिन्हा, एसडीओ विनोद कुमार, वरीय उप समाहर्ता बेबी कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी  सुजीत कुमार, और जिला शिक्षा पदाधिकारी  मनीष कुमार सिंह प्रमुख मौजुद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *