भागलपुर की सातों विधानसभा सीटों पर एनडीए का कब्ज़ा, बीजेपी–जेडीयू की शानदार जीत

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं और इस बार पूरा जिला एनडीए गठबंधन के रंग में रंग गया है। जिले की सभी सातों सीटों पर भाजपा–जेडीयू–लोचपा (रामविलास) उम्मीदवारों ने जीत दर्ज करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया। एनडीए ने न केवल अपने विरोधियों को मात दी, बल्कि कई सीटों पर बड़ी बढ़त के साथ जीतकर जिले में अपना मजबूत जनाधार भी दिखाया।
बिहपुर विधानसभा
बिहपुर से भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर शैलेंद्र ने जीत का परचम लहराया। उन्होंने वीआईपी उम्मीदवार कुमारी अपर्णा को हराकर विधानसभा में अपनी जगह सुनिश्चित की।
गोपालपुर विधानसभा
गोपालपुर सीट पर जदयू प्रत्याशी शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने जीत हासिल की। उन्होंने वीआईपी के डब्लू यादव को मात दी और क्षेत्र में एनडीए की मजबूती को बढ़ाया।
पीरपैंती विधानसभा
पीरपैंती से भाजपा उम्मीदवार मुरारी पासवान विजयी रहे। उन्होंने राजद प्रत्याशी रामविलास पासवान को हराकर सीट पर कब्ज़ा कायम रखा।
कहलगांव विधानसभा
कहलगांव में जदयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश ने जीत दर्ज की। उन्होंने राजद के रजनीश यादव को पराजित किया और लगातार बढ़ते जनसमर्थन का संदेश दिया।
नाथनगर विधानसभा
नाथनगर से लोचपा (रामविलास) के उम्मीदवार मिथुन यादव ने अपनी जीत से राजनीतिक हलकों में बड़ा संदेश दिया। उन्होंने राजद प्रत्याशी जेड हसन को शिकस्त देकर पहली बार विधानसभा का टिकट पक्का किया।
सुल्तानगंज विधानसभा
सुल्तानगंज में जदयू प्रत्याशी प्रोफेसर डॉ. ललित नारायण मंडल विजयी रहे। उन्होंने राजद उम्मीदवार चंदन सिंहा को हराकर सीट अपने नाम कर ली।
भागलपुर विधानसभा
भागलपुर शहर सीट पर इस बार बड़ा उलटफेर हुआ। भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और तीन बार के विधायक अजीत शर्मा को पराजित कर भारी जीत दर्ज की। यह परिणाम जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जिले में एनडीए का क्लीन स्वीप
कुल मिलाकर, भागलपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों पर एनडीए ने कब्ज़ा कर स्पष्ट विजय हासिल की है। यह परिणाम जिले में एनडीए की मजबूत पकड़ और जनता के भरोसे को दर्शाता है।
