भागलपुर पुलिस केंद्र में सम्मान समारोह, उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस पदाधिकारी हुए सम्मानित

भागलपुर।
भागलपुर पुलिस केंद्र में मंगलवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भागलपुर द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान पुलिस केंद्र तालियों की गूंज से गूंज उठा।
इस अवसर पर डीएसपी साइबर, यातायात, रक्षित, मुख्यालय, एसडीपीओ-01 नगर सहित विभिन्न थाना प्रभारियों को उनके कुशल नेतृत्व, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराना पूरी पुलिस टीम की सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील कार्य में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। भागलपुर पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों ने अनुशासन, सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके कारण जिले में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सका।
सम्मान समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
भागलपुर पुलिस का यह सम्मान समारोह न केवल कर्मठ अधिकारियों का मनोबल बढ़ाने वाला रहा, बल्कि अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना।
