भागलपुर में अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त प्रहार, कई प्रमुख इलाकों से हटाया गया अवैध कब्जा

भागलपुर।
शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या और जाम की स्थिति से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर शनिवार को शहर के कई प्रमुख इलाकों में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक यातायात एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कोतवाली थाना एवं यातायात थाना के थानाध्यक्ष सहित संबंधित क्षेत्र के पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन की टीम ने स्टेशन चौक, लोहियापुल के नीचे स्थित सब्जी मंडी (हटिया), डिक्शन मोड़ से ललमटिया चौक, तातारपुर एवं नाथनगर सहित शहर के प्रमुख और अति व्यस्त इलाकों में सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानों एवं अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया, वहीं कई अतिक्रमणकारियों के सामान भी जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के तहत संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें तथा प्रशासन का सहयोग करें।
Bihar Police
#BhagalpurPolice
#HaiTaiyarHum
#bhagalpur
