भागलपुर में आयकर विभाग का इन्वेस्टिगेशन विंग आउटरीच प्रोग्राम आयोजित, हाई रिस्क रिफंड व बोगस क्लेम पर हुई विस्तृत कार्यशाला

स्मार्ट सिटी भागलपुर के इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर स्थित सभागार में आयकर विभाग द्वारा इन्वेस्टिगेशन विंग आउटरीच प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयकर से जुड़े संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला के दौरान हाई रिस्क रिफंड केसेज, बोगस क्लेम, धारा 80GGC के अंतर्गत दावे, CSR के नाम पर किए गए फर्जी दावे, कृषि आय (एग्रीकल्चर इनकम) सहित अन्य विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। आयकर विभाग के विशेषज्ञ अधिकारियों ने इन मामलों में की जाने वाली अनियमितताओं, जांच प्रक्रिया एवं कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शिरकत की। इस अवसर पर आयकर विभाग के वरीय पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि भागलपुर में पहली बार आयकर विभाग द्वारा इस प्रकार का आउटरीच प्रोग्राम आयोजित किया गया है, जो अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला से चिकित्सकों, वकीलों, टैक्स प्रैक्टिशनर्स के साथ-साथ जिले के सभी ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर्स (DDO) को आयकर से संबंधित कई महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त हुई हैं।

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि आयकर विभाग को एक मजबूत और सरल प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि कोई भी करदाता आसानी से अपने टैक्स की गणना कर सके और बिना किसी कठिनाई के इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल कर सके। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और कर अनुपालन भी बेहतर होगा।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त, आयकर विभाग के वरीय पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, अधिवक्ता, टैक्स प्रैक्टिशनर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *