भागलपुर में दिव्यांग मतदाताओं की जागरूकता रैली, उप विकास आयुक्त ने दिलाई मतदान की शपथ


भागलपुर

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता अभियान में पूरी सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को डीआरडीए परिसर से दिव्यांग मतदाताओं की एक विशेष जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया भागलपुर के उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने। इस अवसर पर उन्होंने सभी दिव्यांग मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा —
“आपका एक वोट सरकार बना सकता है और गिरा भी सकता है। इसलिए हर नागरिक का मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।”

उन्होंने आगे कहा कि मतदान दिवस यानी 11 नवंबर को हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

रैली में बड़ी संख्या में दिव्यांग मतदाता, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रतिभागियों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर लोगों से मतदान के प्रति जागरूक होने की अपील की।

रैली के दौरान “मतदान हमारा अधिकार है, मजबूत लोकतंत्र की पहचान है” जैसे नारे गूंजते रहे।
इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें स्वतंत्र रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *