भागलपुर में बंद चापाकलों की मरम्मत के लिए 17 चलंत दल रवाना, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

भागलपुर, 09 मार्च 2026।
गर्मी के मौसम से पहले जिले में पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत का विशेष अभियान शुरू किया है। सोमवार को भागलपुर समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के 17 चलंत चापाकल मरम्मत दलों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिले में बड़ी संख्या में चापाकल लगे हुए हैं, जिनमें कुछ तकनीकी कारणों से बंद पाए गए हैं। इन चापाकलों को जल्द से जल्द चालू कराने के लिए विशेष मरम्मत अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बताया कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पूर्वी और पश्चिमी प्रमंडल के अंतर्गत भागलपुर जिले में कुल 18,448 चापाकल स्थापित हैं। इनमें से 16,327 चापाकल वर्तमान में चालू अवस्था में हैं, जबकि 2,121 चापाकल बंद पाए गए हैं। बंद पड़े सभी चापाकलों को शीघ्र मरम्मत कर चालू करने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से 17 चलंत चापाकल मरम्मत दलों को जिले के अलग-अलग प्रखंडों में भेजा गया है। इन मरम्मत दलों के पास तकनीकी उपकरण और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि मौके पर ही खराब चापाकलों की मरम्मत की जा सके। इन दलों में प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों को भी शामिल किया गया है, जो खराब चापाकलों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का कार्य करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का मुख्य स्रोत चापाकल ही हैं, इसलिए यह जरूरी है कि सभी चापाकल सही स्थिति में रहें। गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए अभी से व्यापक तैयारी की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि आम लोगों की सुविधा के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर भी जारी किया गया है। यदि किसी गांव या मोहल्ले में चापाकल खराब हो जाता है तो संबंधित व्यक्ति नियंत्रण कक्ष में फोन कर इसकी सूचना दे सकता है। सूचना मिलने के बाद मरम्मत दल को वहां भेजकर चापाकल की मरम्मत कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को पेयजल से जुड़ी किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पूर्वी एवं पश्चिमी प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता तथा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।

लोक स्वास्थ्य प्रमंडल भागलपुर पश्चिमी के कार्यपालक अभियंता के अनुसार पश्चिमी प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले प्रखंडों में चापाकलों की स्थिति इस प्रकार है। जगदीशपुर प्रखंड में कुल 1370 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें से 1190 चालू अवस्था में हैं, जबकि 180 चापाकल बंद पाए गए हैं, जिनकी मरम्मत की जाएगी। गोराडीह प्रखंड में कुल 1167 चापाकल हैं, जिनमें 992 चालू और 175 बंद हैं।
सुल्तानगंज प्रखंड में कुल 2358 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें से 2163 चालू हैं और 195 बंद पाए गए हैं। नाथनगर प्रखंड में कुल 1063 चापाकलों में से 898 चालू और 165 बंद हैं। शाहकुंड प्रखंड में कुल 1665 चापाकलों में से 1505 चालू हैं, जबकि 160 चापाकल बंद पाए गए हैं।

इसी प्रकार सन्हौला प्रखंड में कुल 918 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें 787 चालू अवस्था में हैं और 131 चापाकल बंद हैं। इस प्रकार भागलपुर पश्चिमी प्रमंडल में कुल 8122 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें 7162 चालू हैं और 960 चापाकल बंद पाए गए हैं, जिनकी मरम्मत की जाएगी।

वहीं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल भागलपुर पूर्वी के कार्यपालक अभियंता के अनुसार पूर्वी प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले प्रखंडों में भी चापाकलों की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जाएगा। कहलगांव प्रखंड में कुल 1710 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें 1515 चालू हैं और 195 बंद पाए गए हैं।
पीरपैंती प्रखंड में कुल 1962 चापाकलों में से 1745 चालू हैं और 217 बंद हैं। सबौर प्रखंड में कुल 414 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें 329 चालू और 85 बंद हैं। भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 499 चापाकल हैं, जिनमें 434 चालू और 65 बंद पाए गए हैं।
खरीक प्रखंड में कुल 581 चापाकलों में से 516 चालू और 65 बंद हैं। नवगछिया प्रखंड में कुल 400 चापाकलों में से 351 चालू और 58 बंद हैं। गोपालपुर प्रखंड में कुल 843 चापाकलों में से 770 चालू और 73 बंद हैं।

रंगरा चौक प्रखंड में कुल 492 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें 427 चालू और 65 बंद हैं। इस्माइलपुर प्रखंड में कुल 376 चापाकलों में से 335 चालू और 41 बंद हैं। बिहपुर प्रखंड में कुल 868 चापाकलों में से 798 चालू और 70 बंद हैं, जबकि नारायणपुर प्रखंड में कुल 556 चापाकलों में से 479 चालू और 77 बंद पाए गए हैं।
इस प्रकार भागलपुर पूर्वी प्रमंडल में कुल 10,326 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें से 9165 चालू अवस्था में हैं, जबकि 1161 चापाकल बंद हैं, जिनकी मरम्मत की जाएगी।
जिला प्रशासन ने चापाकलों की मरम्मत के लिए नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल भागलपुर पश्चिमी और पूर्वी का नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 0641-2420097 और 0641-2420026 पर प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि चापाकलों की मरम्मत का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बंद पड़े सभी चापाकलों को जल्द से जल्द ठीक कर चालू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं पेयजल से संबंधित समस्या आती है तो लोग तुरंत नियंत्रण कक्ष में इसकी सूचना दें, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।

प्रशासन की इस पहल से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी और लोगों को गर्मी के मौसम में पानी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *