भागलपुर में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित, चुनाव और श्रावणी मेले को लेकर सुरक्षा रणनीति पर चर्चा
रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर

भागलपुर। दिनांक 16 जुलाई 2025 को वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के नेतृत्व में समीक्षा भवन में मासिक क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में जिलेभर के अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति, विधि-व्यवस्था की स्थिति एवं आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वारंट और कुर्की के मामलों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने CCTNS पोर्टल में प्रविष्ट लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही गुंडा और निगरानी प्रस्तावों को समय पर तैयार कर उच्च स्तर पर भेजने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में आगामी बिहार विधान सभा चुनाव 2025 तथा श्रावणी मेला 2025 की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। दोनों आयोजनों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुरक्षात्मक रणनीति तैयार करने एवं लागू करने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर सहित सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक और जिले के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित थे।
पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
#BhagalpurPolice
#BiharPolice
#ShravaniMela2025
#VidhanSabhaElection2025
#CrimeControl
#HainTaiyarHum
