भागलपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक की मासिक क्राइम मीटिंग, अपराध नियंत्रण और चुनाव-पूजा व्यवस्था पर दिए अहम निर्देश

भागलपुर।
शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत ने  पुलिस कार्यालय में मासिक क्राइम मीटिंग की। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक तथा थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

मीटिंग में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में कड़ी चौकसी बरती जाए और किसी भी परिस्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु त्वरित कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुसंधान कार्य तेजी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही लंबित वारंट एवं कुर्की का निष्पादन कर फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में साइबर अपराध पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। एसएसपी ने निर्देश दिया कि साइबर अपराध से जुड़ी घटनाओं का जल्द से जल्द निपटारा हो और साथ ही लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जाए।

इसके अलावा आने वाले दुर्गा पूजा और विधानसभा आम निर्वाचन–2025 को देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार और चुनाव दोनों ही संवेदनशील मौके हैं, इसलिए पुलिस बल को सतर्क रहना होगा और समय पर उचित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

बैठक के दौरान विभिन्न थानों की अपराध नियंत्रण रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *