भागलपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर दो दिवसीय पुलिस प्रशिक्षण शुरू
आदर्श आचार संहिता लागू करने में पुलिस की भूमिका पर विस्तृत चर्चा

भागलपुर | संवाददाता
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को लेकर भागलपुर जिले में पुलिस बल को सजग और तत्पर बनाए रखने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को की गई। प्रशिक्षण का आयोजन भागलपुर स्थित टाउन हॉल, विधि-व्यवस्था सभागार, सुल्तानगंज थाना परिसर, तथा कहलगांव ब्लॉक स्थित टॉयसन भवन में किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक, नगर भागलपुर की निगरानी में संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के पहले दिन अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता के नियमों, चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा उनके कठोर अनुपालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने और संवेदनशील व अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की भूमिका पर विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान सभी थाना क्षेत्रों में बैंक चेकिंग, वाहन जांच, शस्त्र सत्यापन, और गश्ती व्यवस्था को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपातपूर्ण रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दो दिवसीय यह प्रशिक्षण पुलिस कर्मियों को आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान शांति, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कर्तव्य निर्वहन के लिए तैयार करेगा।
#BiharPolice #BhagalpurPolice #HainTaiyarHum #BankChecking #Bhagalpur
