भागलपुर में शाहनवाज हुसैन का हमला, बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार पर जताई चिंता, दुनिया से एकजुट विरोध की अपील

रिपोर्ट— शयामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बुधवार को भागलपुर में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ‘जय श्रीराम’ के नाम से आपत्ति करना पूरी तरह गैर-बाजिब है। कांग्रेस की स्थिति यह है कि वह अपना घर तक संभाल नहीं पा रही है और पार्टी के अंदर ही मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।

दिल्ली में मस्जिद ध्वस्तीकरण से जुड़े प्रकरण पर शाहनवाज हुसैन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के तहत हुई है। उन्होंने कहा कि मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है, लेकिन अफवाहों के कारण बेवजह हंगामा खड़ा किया गया। उन्होंने जेएनयू का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के आधार पर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के नाम पर कुछ छात्र देशद्रोही तत्वों का समर्थन करने लगे हैं, जो अर्बन नक्सली की तरह काम कर रहे हैं।

बांग्लादेश की स्थिति पर चिंता जताते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वहां रहने वाले हिंदुओं पर लगातार अन्याय और अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पूरी दुनिया को एकजुट होकर विरोध दर्ज कराना चाहिए। भारत सरकार इस मामले में कई स्तरों पर ठोस कदम उठा रही है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी बात मजबूती से रख रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज के समय में पीएम मोदी एक ग्लोबल लीडर के रूप में स्थापित हो चुके हैं। यही कारण है कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और देश विकास के नए आयाम छू रहा है।

भागलपुर आगमन के दौरान शाहनवाज हुसैन ने भागलपुर के पूर्व सांसद स्वर्गीय सुशील मोदी के प्रति भी अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी का राजनीतिक और सामाजिक जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *