भागलपुर में शीतलहर का कहर, स्कूलों का समय बदला, अस्पताल अलर्ट मोड पर

रिपोर्ट — शयामानंद सिंह, भागलपुर

पूरे बिहार के साथ-साथ सिल्क सिटी भागलपुर इस समय भीषण शीतलहर और कोल्ड वेव की चपेट में है। बीते तीन दिनों से लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण भागलपुर सहित आसपास के जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के संचालन समय में बदलाव किया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जिले के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य छोटे बच्चों और छात्रों को अत्यधिक ठंड से बचाना है।

 

इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि वर्तमान में मौसम की स्थिति को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आती है और शीतलहर का प्रकोप बढ़ता है, तो विद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय भी लिया जा सकता है।

वहीं शीतलहर के कारण बढ़ने वाली बीमारियों को लेकर जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। ठंड से संबंधित बीमारियों जैसे सर्दी-खांसी, बुखार, सांस की परेशानी आदि से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और चिकित्सीय व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा गया है।

 

जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *