भागलपुर में संभावित ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर बैजानी पंचायत में तैयारियां तेज, डीएम ने किया निरीक्षण

भागलपुर, मुख्यमंत्री Nitish Kumar की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के तहत मार्च के प्रथम सप्ताह में भागलपुर आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत में प्रस्तावित जन संवाद कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी प्रारंभ कर दी गई है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बैजानी पंचायत भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बैजानी, आंगनबाड़ी केंद्र, उच्च विद्यालय परिसर तथा विद्यालय के समीप स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित कार्यों की शुरुआत कर दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर इन सभी स्थलों को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।
जिलाधिकारी ने बुधवार को बैजानी सड़क के समीप जन संवाद कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार, अपर समाहर्ता श्री दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) श्री राकेश रंजन, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री कुंदन कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क श्री नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी श्री विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अजय कुमार चौधरी सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रस्तावित जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री सीधे ग्रामीणों से संवाद कर सकें तथा विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा ले सकें। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जन सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *