भागलपुर में सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा,नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में एरिया डॉमिनेशन

भागलपुर। आगामी सरस्वती पूजा 2026 के अवसर पर शहर में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सघन निगरानी और सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में आज गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के नेतृत्व में भागलपुर नगर क्षेत्र के तिलकामांझी, ततारपुर, ललमटिया एवं नाथनगर थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान उपरोक्त सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई और प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस अभियान में तिलकामांझी, ततारपुर, ललमटिया एवं नाथनगर के थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सरस्वती पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और अपराधियों एवं शरारती तत्वों को यह स्पष्ट संदेश देना है कि भागलपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है।
