भागलपुर विधानसभा के समग्र विकास को लेकर नारी शक्ति निशा भारती का आगाज़, प्रधान कार्यालय का हुआ उद्घाटन

भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी निशा भारती ने शुक्रवार को अपने प्रधान कार्यालय का विधिवत उद्घाटन कर जनसंपर्क अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने अपने विकासोन्मुखी संकल्प-पत्र (मेनिफेस्टो) की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भागलपुर विधानसभा को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और उद्योग के क्षेत्र में नई ऊंचाई देना है।

निशा भारती ने कहा कि उनके एजेंडे में सबसे पहले शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना है। उन्होंने बताया कि “प्रत्येक बच्चे को उत्कृष्ट शिक्षा मिले, इसके लिए स्मार्ट स्कूलों की स्थापना की जाएगी।” साथ ही नगर निगम के 51 वार्डों में 51 पार्क विकसित करने की योजना पर भी उन्होंने जोर दिया।

व्यापारी वर्ग के लिए सुरक्षा और सम्मान की गारंटी देते हुए उन्होंने कहा कि सिल्क सिटी के गौरव को पुनः स्थापित किया जाएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि “भागलपुर में बाहर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों की समस्या को देखते हुए, एशिया की पहली महिला डॉक्टर कादम्बिनी गांगुली के नाम पर PGIMS (Post Graduate Institute of Medical Science) की स्थापना की जाएगी।”

पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में निशा भारती ने कहा —

“महिलाएं जब कार्यस्थल या बाजार जाती हैं तो उन्हें बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता है। इसी सामाजिक असमानता को दूर करने और महिलाओं के सम्मान के लिए ही मैंने राजनीति में कदम रखने का निर्णय लिया है।”

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. ओमप्रकाश पोद्दार (पूर्व लोकसभा प्रत्याशी, भागलपुर) उपस्थित रहे। साथ ही कुमोद राय (अधिवक्ता, पटना हाईकोर्ट), प्रो. अरविंद पोद्दार, मदन गोपाल, रमन साह, डॉ. सुभाष साह समेत कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और समर्थक भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखी गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि भागलपुर में नारी शक्ति अब विकास की मुख्य धारा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *