भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भागलपुर पहुंचे संजय सरावगी, राजद पर किया तीखा प्रहार

कहा— कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत हो रहा भाजपा संगठन, जनता का मिल रहा भरोसा
भागलपुर — भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संजय सरावगी पहली बार सिल्क सिटी भागलपुर पहुंचे। उनके आगमन पर शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं की भीड़ और भाजपा के झंडों से पूरा शहर भाजपा मय नजर आया।
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद का सूपड़ा साफ होना उनकी अपनी आंतरिक कमजोरियों का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और नेतृत्व से नाराज थे, जिसके कारण संगठन कमजोर हुआ और जनता ने भी उन्हें नकार दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और मजबूत संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण ही भाजपा को जनता का लगातार समर्थन और भरोसा मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा बिहार में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
