भारत–नेपाल सीमा जिला समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

सीमा पर शांति, सुरक्षा व तस्करी रोकने पर बनी सहमति, आपसी सहयोग सुदृढ़ करने पर जोर

सीतामढ़ी/रौतहट (नेपाल)।
भारत–नेपाल सीमा पर शांति, सुरक्षा एवं आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से भारत–नेपाल जिला सीमा समन्वय समिति (BDCC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज नेपाल के रौतहट जिले के चंद्रनिगाहपुर में सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन, श्री मनीष कुमार दास (कौंसल–ICS, CGI बीरगंज), श्री जी.सी. पांडेय, कमांडेंट 20वीं बटालियन एसएसबी, श्री संजीव कुमार सिंह, कमांडेंट 51वीं बटालियन एसएसबी सीतामढ़ी, अपर समाहर्ता श्री संजीव कुमार, उप विकास आयुक्त श्री संदीप कुमार सहित सीतामढ़ी जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा नेपाल के महोत्तरी, सर्लाही एवं रौतहट जिलों के मुख्य जिला अधिकारी (CDO), पुलिस अधीक्षक (SP) तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया।

बैठक के दौरान शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही हथियारों की तस्करी, मानव तस्करी एवं प्रतिबंधित ड्रग्स की रोकथाम के लिए दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग, सूचना साझा करने और समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी।

दोनों पक्षों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सूचनाओं के त्वरित एवं प्रभावी आदान-प्रदान, तथा सीमा सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही नो मैनस लैंड क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर गंभीरता से विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक एवं व्यावहारिक निर्णय लिए गए।

बैठक में आगामी संघीय चुनाव–2026 को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक सहयोग को लेकर भी चर्चा की गई, ताकि सीमावर्ती इलाकों में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा कि सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को परस्पर विश्वास, सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। ऐसी बैठकें दोनों देशों के बीच सौहार्द को सुदृढ़ करती हैं और सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाती हैं।

नेपाल के अधिकारियों ने भी साझा चुनौतियों से निपटने में सीतामढ़ी जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना की। बैठक के समापन अवसर पर दोनों देशों के अधिकारियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *