भूमि सुधार जनकल्याण कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री का सख्त संदेश: समयबद्ध निष्पादन और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यप्रणाली की शपथ

पटना
ज्ञान भवन, पटना में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण कार्यशाला में माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, श्री विजय कुमार सिन्हा ने विभागीय कार्यप्रणाली में ठोस सुधार और समयबद्ध निष्पादन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े राजस्व एवं भूमि सुधार कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
कार्यशाला के अंतिम सत्र में उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी अधिकारियों से हाथ उठवाकर यह आश्वासन लिया कि विभागीय कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएंगे। इसके पश्चात उन्होंने भ्रष्टाचार के विरुद्ध ईमानदारी, पारदर्शिता तथा कानून के पूर्ण पालन की शपथ दिलाई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास तभी सुदृढ़ होगा, जब प्रशासन निष्पक्ष, जवाबदेह और पारदर्शी तरीके से कार्य करेगा।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान (बाएं से) उप निदेशक श्रीमती मोना झा, माननीय उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव श्री सुनील तिवारी, अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज, विशेष सचिव श्री अरुण कुमार सिंह, सचिव श्री जय सिंह, प्रधान सचिव श्री सी.के. अनिल, सचिव श्री गोपाल मीणा, सचिव सह निदेशक (चकबंदी) श्री राकेश कुमार, निदेशक (भू-अर्जन) श्री कमलेश कुमार सिंह, अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल एवं विशेष कार्य पदाधिकारी सुश्री चंद्रिमा अत्री सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में यह भी स्पष्ट किया गया कि भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, त्वरित निस्तारण और तकनीकी सुधारों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय और सुविधा मिल सके।
#Revenue #LandReforms #Oath #Social #Welfare #BiharBhumi #BiharRevenueAndLandReformsDept #VijayKumarSinha #NitishKumar #Patna #GyanBhavan #Governance #Transparency
