मकर संक्रांति महोत्सव एवं परसादी महोत्सव का आयोजन 14 जनवरी को, तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक


पतंग प्रतियोगिता, दही खाओ प्रतियोगिता और आर्ट प्रदर्शनी होंगे मुख्य आकर्षण

छपरा, 09 जनवरी।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के सौजन्य से जिला प्रशासन, सारण द्वारा 14 जनवरी को छपरा में भव्य मकर संक्रांति महोत्सव तथा परसा प्रखंड के परसौना में परसादी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से लोक संस्कृति, परंपराओं और उत्सवधर्मिता को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मकर संक्रांति महोत्सव के अवसर पर छपरा के राजेन्द्र स्टेडियम में पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग लेंगे। इसके साथ ही स्टेडियम परिसर में ही सुधा के माध्यम से दही खाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इसके अलावा, श्री भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह, छपरा स्थित आर्ट गैलरी में “लोक संस्कृति के संग” थीम पर आधारित कला प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में भोजपुरी पेंटिंग, मधुबनी पेंटिंग, टिकुली आर्ट, सिक्की आर्ट के साथ-साथ समसामयिक पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे बिहार की समृद्ध लोक कला और संस्कृति को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा।
वहीं, परसा प्रखंड के परसौना में आयोजित होने वाले परसादी महोत्सव के दौरान पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भाग लेंगे। यह आयोजन मकर संक्रांति की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रतीक होगा।
दोनों महोत्सवों के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने आज समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आयोजन स्थल की व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रमों के समयबद्ध संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह आयोजन जिले की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देगा और लोगों की सहभागिता से इसे यादगार बनाया जाएगा।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इन सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मकर संक्रांति के इस उत्सव को उल्लासपूर्वक मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *