मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर गणना प्रपत्र वितरण का निरीक्षण
निर्वाची पदाधिकारी एवं बीडीओ ने लिया कार्य का जायज़ा, आम मतदाताओं को दी गई जागरूकता संबंधी जानकारी
रिपोर्ट – टाइम्सबिहार न्यूज़, जहानाबाद

जहानाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले के 218-मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इसी क्रम में सोमवार को निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता जहानाबाद द्वारा मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 149 एवं 151 का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मखदुमपुर भी मौजूद रहे। उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जाने की प्रक्रिया की निगरानी की तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बीएलओ द्वारा पात्र मतदाताओं को सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
निरीक्षण के उपरांत आम नागरिकों को संबोधित करते हुए निर्वाची पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मज़बूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बीएलओ के साथ सहयोग करें एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 भरकर अपने नाम का समुचित संशोधन करवाएं।
इस मौके पर संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित आम लोगों के बीच निर्वाचन आयोग द्वारा जारी जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही कुछ फार्मों की जांच कर उनकी प्रक्रिया की भी समीक्षा की।
कार्यक्रम के अंतर्गत SVEEP योजना के तहत मतदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने की दिशा में भी प्रयास किए गए। सोशल मीडिया के माध्यम से भी जागरूकता को गति दी जा रही है।
#CeoBihar #CEO_Bihar #ECI #VoterAwareness #SVEEP #जिलाप्रशासनजहानाबाद
