मध्य विद्यालय जगदीशपुर में पीटीएम को लेकर नवाचार, बच्चों ने बनाई ‘PTM’ आकृति

31 जनवरी को होने वाली अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में शत-प्रतिशत उपस्थिति का लक्ष्य

जगदीशपुर (भागलपुर)।
मध्य विद्यालय जगदीशपुर के शिक्षक और छात्र-छात्राएं लगातार शैक्षणिक नवाचार के माध्यम से विद्यालय को सक्रिय और प्रेरणादायक बनाने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में 31 जनवरी को आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) में अधिक से अधिक अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा ‘PTM’ अक्षरों की आकृति का निर्माण कर एक चेतना सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का थीम रखा गया —
“हम और आप मिलकर करेंगे बच्चों का विकास”
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि प्रायः संगोष्ठी में अभिभावक आते तो हैं, लेकिन उनकी संख्या अपेक्षा से कम रहती है। विद्यालय का लक्ष्य है कि आगामी पीटीएम में शत-प्रतिशत अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित हो, ताकि बेहतर शैक्षणिक वातावरण का निर्माण किया जा सके।

उन्होंने कहा कि बच्चे के सर्वांगीण विकास के लिए तीन प्रमुख स्तंभ होते हैं —
शिक्षक, अभिभावक और विभाग।
यदि तीनों मिलकर अपनी-अपनी भूमिका का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें, तो बच्चों का विकास और भी प्रभावी हो सकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालय परिवार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।

इस नवाचारी गतिविधि को सफल बनाने में शिक्षिकाएं वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, पुष्पलता कुमारी तथा शिक्षक अमित कुमार सिंह और निर्भय कुमार का विशेष सहयोग रहा। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।

विद्यालय के इस प्रयास की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *