मध्य विद्यालय जगदीशपुर में विजय दिवस कार्यक्रम, भारतीय सेना के शौर्य को दी गई सलामी

जगदीशपुर, 16 दिसंबर।
मध्य विद्यालय जगदीशपुर में विजय दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भारतीय सेना को सलामी देते हुए विभिन्न साहसिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री आशुतोष चन्द्र मिश्र ने कहा कि विजय दिवस हमारे वीर सपूतों के पराक्रम, साहस और बलिदान को स्मरण करने का दिन है। इस अवसर पर हम सभी यह संकल्प लेते हैं कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, हम भारत की एकता, अखंडता और श्रेष्ठता को सदैव अक्षुण्ण रखेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत होती है तथा उन्हें अपने गौरवशाली इतिहास को जानने और समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने अनुशासनबद्ध प्रदर्शन, साहसिक गतिविधियों और देशभक्ति नारों के माध्यम से भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों को भी भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर शिक्षकगण श्री अभिनाश सरोज, श्रीमती वीणा कुमारी, श्रीमती प्रतिमा मिश्रा, श्री अमित कुमार सिंह, श्री निर्भय कुमार, श्रीमती भारती कुमारी सहित बाल संसद एवं यूथ क्लब के सदस्य तथा विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
