मध्य विद्यालय सैनो में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी आयोजित

“हम और आप मिलकर करेंगे बच्चों का समग्र विकास” थीम पर हुई चर्चा
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय सैनो में शुक्रवार को “हम और आप मिलकर करेंगे बच्चों का समग्र विकास” थीम पर आधारित शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री शैलेन्द्र कुमार ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक एवं नैतिक विकास को गति देना रहा।
संगोष्ठी के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री शैलेन्द्र कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए वे नियमित रूप से विद्यालय से संपर्क बनाए रखें तथा पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के व्यवहार, अनुशासन और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक मिलकर ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।
अभिभावकों ने भी विद्यालय को हर संभव सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम से पूर्व चेतना सभा के दौरान विशेष मानव श्रृंखला बनाकर अभिभावकों को संगोष्ठी में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया। वहीं मुख्यमंत्री सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ भी कराई गईं।
इसके अतिरिक्त निपुण लीडरों की बैठक आयोजित कर सभी निपुण लीडरों से शैक्षणिक गतिविधियों एवं बच्चों की प्रगति को लेकर फीडबैक लिया गया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी अत्यंत सफल एवं सराहनीय रही। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय बच्चों के समग्र एवं सर्वांगीण विकास के लक्ष्य को निश्चित रूप से प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर वरीय शिक्षक मो. जुनेद, आतिश, भारती झा, कुशल, शिल्पी, फैजुर रहमान, दिव्यांशु, शुभांजलि, मनीषा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। साथ ही बाल संसद सदस्य, ईको क्लब के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
