मशरख में रामजानकी मंदिर चोरी कांड: डीआईजी-सह-एसएसपी सारण ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जांच में तेजी के निर्देश


मशरख (सारण)।
मशरख थाना क्षेत्र अंतर्गत रामजानकी मंदिर में हाल ही में घटित चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण कुमार आशीष, आईपीएस ने मंगलवार को मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घटनास्थल का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग, सीसीटीवी की स्थिति तथा साक्ष्यों के संरक्षण की जानकारी ली।

डीआईजी-सह-एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को चोरी की घटना का शीघ्र उद्भेदन सुनिश्चित करने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर जैसी धार्मिक स्थल पर अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना स्तर पर गठित विशेष टीम को तकनीकी साक्ष्यों के संकलन, आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच, संदिग्धों की पहचान तथा पूर्व में सक्रिय अपराधियों के सत्यापन के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुझाव भी साझा किए।

डीआईजी-सह-एसएसपी ने कहा कि मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर जिले भर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, संवेदनशील स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

मौके पर संबंधित वरीय एवं स्थानीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *