महिलाओं ने पेश किए विविध व्यंजन, विजेताओं को मिला सम्मान

भागलपुर (सुल्तानगंज) : सुल्तानगंज प्रखंड के महेशी पंचायत स्थित महेशी गांव में स्टार भारत गैस एजेंसी के प्रांगण में अमर उजाला गैस के तहत स्वाद का महा मुकाबला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का नेतृत्व एजेंसी के डायरेक्टर निरुल होदा ने किया जबकि मंच संचालन देवेश कुमार पासवान ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत पेट्रोलियम के सेल्स ऑफिसर इन्द्रनील अग्रबल्ला शामिल हुए। वहीं व्यंजनों का स्वाद परखने के लिए जज के रूप में एमएस होटल, भागलपुर के डायरेक्टर एवं शेफ राघव झा उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में सुल्तानगंज प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आईं 10 महिलाओं ने भाग लिया और अलग-अलग तरह के व्यंजन प्रस्तुत किए। निर्णायकों के मूल्यांकन के बाद तसरुम बेगम को प्रथम पुरस्कार, फरजाना बेगम को द्वितीय और मदीना खातून को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार दिए गए। साथ ही सभी प्रतिभागी महिलाओं को भी शील्ड, प्रशस्ति पत्र और गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पंचायत मुखिया रीता देवी, समसुल होदा, रमेश शर्मा, रामबिलम पासवान, कृष्ण देव यादव, पांचु दास, पूर्व सैनिक खुरशिद आलम, पूर्व सैनिक जलाल उद्दीन तथा डॉ. गनी सहित कई अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान भारत पेट्रोलियम के सेल्स ऑफिसर इन्द्रनील अग्रबल्ला ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य केवल स्वाद और प्रतिभा का सम्मान करना ही नहीं, बल्कि रसोई में सुरक्षा के महत्व को भी समझाना है। उन्होंने कहा कि गैस पाइप और चूल्हे की जांच व मरम्मत हर दो वर्ष में अवश्य करानी चाहिए ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

इस मौके पर स्टार भारत गैस एजेंसी के कर्मचारी सनोवर होदा, मो. आज़म, मो. साकिर, इम्तियाज, विजय कुमार, रविकांत दास, सरफराज उर्फ छोटू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *