महिला संवाद: गाँव की महिलाओं की आवाज़ को मिला नया मंच, 24वें दिन 30 ग्राम संगठनों में हुआ आयोजन

महिला संवाद के माध्यम से अब ग्रामीण महिलाओं को सरकार तक अपनी बात पहुँचाने का प्रभावी मंच मिल गया है। इस कार्यक्रम में महिलाएँ उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं और न केवल अपनी समस्याओं को खुलकर रख रही हैं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में भी रचनात्मक सुझाव दे रही हैं। यह संवाद महिलाओं की आकांक्षाओं और विकास की अपेक्षाओं को नई दिशा दे रहा है।
आज, संवाद कार्यक्रम के 24वें दिन भागलपुर जिले के 30 ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी 5829 महिलाएँ, 863 अन्य महिलाएँ, और 612 पुरुष प्रतिभागी शामिल हुए। अब तक कुल 735 ग्राम संगठनों में महिला संवाद आयोजित किया जा चुका है, जिसमें 1,70,000 से अधिक महिलाएँ भाग ले चुकी हैं।
कार्यक्रम में भाग ले रही महिलाएँ राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अनुभव साझा कर रही हैं और योजनाओं में सुधार की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाल रही हैं। संवाद कार्यक्रम में अनेक विभागों से संबंधित विषयों पर महिलाओं की आकांक्षाएं भी संकलित की जा रही हैं, जिससे नीतिगत सुधार की दिशा में ठोस प्रयास किए जा सकें।
महिला सशक्तिकरण को लेकर अपने विचार साझा करते हुए रीणा देवी ने कहा:
“बिहार सरकार की दूरदर्शी सोच के कारण आज राज्य की महिलाएँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सरकारी नौकरी, उद्यमिता से लेकर सामाजिक नेतृत्व तक महिलाएँ नई मिसाल कायम कर रही हैं। यह बदलाव सरकार की सशक्त पहल और योजनाओं की पहुँच का परिणाम है।”
