
भागलपुर गांव-गांव में आयोजित हो रहे महिला संवाद से महिलाएं अपने बदलाव की आवाज बुलंद कर रही है। साथ ही साथ वे अपने गांव के विकास की नई तस्वीर भी खींच रही हैं।
भागलपुर में विभिन्न प्रखंडों के 30 जीविका महिला ग्राम संगठनों में महिला संवाद का आयोजन किया गया। इसमें जीविका दीदियों के अलावा गांव की समस्त महिलाएं हिस्सा ले रही हैं। इसमें हिस्सा लेने वाली महिलाओं ने उनके जीवन में आए व्यापक बदलावों का बखान किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने परिवार को किस प्रकार सशक्त और मजबूत कर रही है।
महिलाओं ने कहा कि बिहार सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कार्य किए हैं, यही कारण है कि पहले घर की चारदीवारी में कैद रहने वाली महिलाएं अब बेड़ियां तोड़कर आसमां में उड़ान भरने को तत्पर हैं।
दूसरी तरफ अपने गांव के बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर भी उन्होंने अपनी मंशा व्यक्त की। इसके अलावा योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित सुधार के बारे अपने सुझाव दिए।
दरअसल बिहार में नई योजनाओं के सूत्रण और नीति निर्माण को लेकर महिला से संवाद किए जा रहे हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बिहार एक नया अध्याय लिख सके। सन्हौला प्रखंड की रहने वाली लक्ष्मी देवी ने महिला संवाद में हिस्सा लेकर बताया कि बिहार सरकार द्वारा संचालित सतत जीविकोपार्जन योजना की वजह से आज उनका जीवन बदल गया है। पहले उनकी आर्थिक स्थित बेहद नाजुक थी। लेकिन सरकार की योजना की बदौलत अब वह अपना उद्यम चला रही है। इससे उनके जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटियों ने सरकार की मदद और प्रोत्साहन से उच्च शिक्षा हासिल की है और आज वह आगे बढ़ रही है।
