माघी पूर्णिमा मेला व महारुद्र यज्ञ का भव्य शुभारंभ

मनिहारी घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सांसद पप्पू यादव रहे मुख्य अतिथि
मनिहारी (कटिहार), संवाददाता।
कटिहार जिला के ऐतिहासिक मनिहारी घाट पर माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित माघी पूर्णिमा मेला एवं श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ कार्यक्रम का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर दोनों धार्मिक आयोजनों का विधिवत उद्घाटन किया और श्रद्धालुओं को माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि माघी पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी श्रद्धालुओं एवं आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
माघी पूर्णिमा के अवसर पर मनिहारी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से आए भक्तों ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की और यज्ञ में आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की। घाट पर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद श्री राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव, मनिहारी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मनिहारी थानाध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
आयोजकों ने बताया कि माघी पूर्णिमा मेला और महारुद्र यज्ञ का आयोजन कई दिनों तक चलेगा, जिसमें धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
