मानव श्रृंखला बनाकर बच्चों ने दिया नशा मुक्ति का संदेश

जगदीशपुर (भागलपुर)

मध्य विद्यालय जगदीशपुर तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जगदीशपुर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मद्य निषेध दिवस के अवसर पर पोषक क्षेत्र में रैली एवं मानव श्रृंखला निर्माण कर नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।

प्रधानाध्यापक आशुतोष चन्द्र मिश्र के नेतृत्व में निकाली गई रैली में छात्र-छात्राओं ने नशा के दुष्परिणामों से जनता को जागरूक किया और शराब से दूरी बनाकर स्वस्थ समाज निर्माण का आह्वान किया। मानव श्रृंखला में बच्चों ने प्लेकार्ड और नारों के माध्यम से बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए हानिकारक है।

इसी क्रम में संविधान दिवस भी मनाया गया, जिसमें सभी बच्चों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। प्रधानाध्यापक मिश्र ने कहा, “हमारा संविधान अत्यंत विशेष है। यह न केवल हमारे अधिकारों का संरक्षण करता है, बल्कि कर्तव्यों की भी स्पष्ट व्याख्या करता है। यदि नागरिक अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करें तो देश आगे बढ़ता है।”

उन्होंने सभी को संविधान के मूल्यों को अपनाने तथा राष्ट्र की शांति, समृद्धि और उन्नति में योगदान देने की अपील की।

दोनों अवसरों पर विद्यालय परिसर में चित्रांकन, निबंध लेखन, वाद–विवाद तथा क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में शिक्षक अभिनाश सरोज, वीणा कुमारी, शाहिना खातून, अमित कुमार सिंह, पुष्पलता, भारती कुमारी, वार्डेन सपना कुमारी, शिक्षिका फूल कुमारी, शारिका निगार, प्रशिक्षु सत्यम, बादल, नसीम, तौसीफ, दिवाकर, अंकित, बबलू, राजा तथा कर्मी राजकिशोर सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

दोनों विद्यालयों की पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *