मारवाड़ी महाविद्यालय के शिव सागर और हिमांशु चयनित

राष्ट्रीय पर्यावरणीय युवा संसद के लिए राज्य स्तर पर हासिल की जगह, महाविद्यालय में उत्सव जैसा माहौल

राज किशोर साह/भागलपुर ब्यूरो

भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के सीनेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित चयन प्रतियोगिता में मारवाड़ी महाविद्यालय के छात्र शिव सागर और हिमांशु कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगामी राष्ट्रीय पर्यावरणीय युवा संसद 2026 के लिए राज्य स्तर पर स्थान सुरक्षित कर लिया है।

यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय सेवा योजना और छात्र विकास संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसका मुख्य विषय था — “हरित भविष्य के लिए युवा नेतृत्व।” भाषण प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ विकास मॉडल और जलवायु परिवर्तन से जुड़े विविध पहलुओं पर प्रभावशाली तर्क और विचार रखे।

चयन प्रक्रिया के अनुसार बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल को एक क्षेत्र के रूप में शामिल किया गया है। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी महाराष्ट्र विधानसभा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की युवा संसद में हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि दोनों छात्र न सिर्फ वक्तृत्व कला में निपुण हैं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिव सागर पूर्व में भी बिहार विधानसभा में संबोधन कर संस्थान का नाम रोशन कर चुके हैं। चयन को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

चयन घोषणा के बाद महाविद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल रहा। प्राचार्य प्रो.(डॉ.) संजय झा, पूर्व प्राचार्य प्रो.(डॉ.) शरदचंद्र राय, आंतरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. आशुतोष दत्ता, प्रो.(डॉ.) ब्रज भूषण तिवारी, डॉ. संगीत कुमार, विश्वविद्यालय खेल सचिव डॉ. संजय जायसवाल सहित कई शिक्षकों ने दोनों छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

छात्रों ने भी विश्वास जताया कि राष्ट्रीय स्तर पर वे भागलपुर और संस्थान का नाम और ऊंचा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *