मालदा मंडल की आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई,न्यू फरक्का में टिकट दलाल गिरफ्तार, पीरपैंती स्टेशन पर 59 मोबाइल बरामद


यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी जारी

मालदा, 12 जनवरी 2026।
मालदा रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक, मालदा श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ, मालदा श्री असीम कुमार कुल्लू के पर्यवेक्षण में 11 जनवरी 2026 को आरपीएफ ने दो महत्वपूर्ण सफल कार्रवाइयों को अंजाम दिया।

न्यू फरक्का स्टेशन पर टिकट दलाली के खिलाफ अभियान
आरपीएफ मालदा द्वारा न्यू फरक्का रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर अवैध टिकट दलाली के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से आरक्षित टिकटों की खरीद-बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके पास से रेलवे टिकट, रिक्विजिशन फॉर्म, मोबाइल फोन तथा नकद राशि बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध रेलवे नियमों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

पीरपैंती स्टेशन पर लावारिस बैग से 59 मोबाइल बरामद
इसी दिन पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर संयुक्त जांच के दौरान आरपीएफ कर्मियों को स्टेशन परिसर में एक लावारिस बैग मिला। निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए बैग को आरपीएफ पोस्ट, कहलगांव में अधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया, जिसमें विभिन्न कंपनियों के कुल 59 पुराने व प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु जीआरपीएस को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ, मालदा मंडल ने स्पष्ट किया है कि रेल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सुविधा को लेकर सतर्कता अभियान निरंतर जारी रहेगा और रेलवे परिसरों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *