मालदा मंडल में विशेष टिकट जांच अभियान, 253 मामले पकड़े गए, 2.18 लाख रुपये जुर्माना वसूला

पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज 21 दिसंबर 2025 को ट्रेन संख्या 13434 अमृत भारत एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 13053 कुलिक एक्सप्रेस में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान मालदा टाउन–रामपुरहाट खंड के बीच संचालित किया गया।
यह विशेष अभियान मंडल रेल प्रबंधक, मालदा श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा श्री कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टीसी), मालदा श्री तपस कुमार बिस्वास ने किया। इस दौरान वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मी तथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।
सघन टिकट जांच के दौरान अनियमित यात्रा के कुल 253 मामले सामने आए, जिनसे ₹2,18,310 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य रेलवे राजस्व की सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों में अनुशासन और निष्पक्ष यात्रा की भावना को बढ़ावा देना है।
मालदा मंडल ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट या अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि वास्तविक और ईमानदार यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।
मालदा मंडल की ओर से सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध एवं उचित टिकट के साथ ही यात्रा करें, ताकि असुविधा और जुर्माने से बचा जा सके।
