मालदा रेल मंडल का सघन टिकट जांच अभियान, एक ही दिन में 503 मामले पकड़े गए, ₹4.33 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

मालदा पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर सख्ती बरतते हुए सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।

इस क्रम में आज दिनांक 17.12.2025 को भागलपुर–कहलगांव रेल खंड में संचालित विभिन्न ट्रेनों में व्यापक टिकट जांच की गई। अभियान का नेतृत्व मुख्य टिकट निरीक्षक (CIT/भागलपुर) श्री दिलीप चौरसिया ने किया। उनके साथ वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की संयुक्त टीम मौजूद रही। टीम के समन्वित प्रयासों से यात्रियों में अनुशासन सुनिश्चित किया गया।

टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के कुल 503 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹4,33,075/- (चार लाख तैंतीस हजार पचहत्तर रुपये) का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई मालदा रेल मंडल की टिकट रहित यात्रा के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।

अभियान में टिकट जांच दल के श्री सुभाष झा ने सर्वाधिक मामलों का पता लगाते हुए ₹58,330/- का अधिकतम जुर्माना वसूल किया, जो उनकी सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है।

मालदा रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेलवे प्रशासन को अनुशासित एवं सुरक्षित यात्रा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *