मालदा रेल मंडल की सघन टिकट चेकिंग से रिकॉर्ड वसूली, भागलपुर–कहलगांव सेक्शन में एक दिन में ₹3.39 लाख जुर्माना

भागलपुर/मालदा, 29 जनवरी 2026।
मालदा रेल मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को भागलपुर–कहलगांव रेलखंड में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान में एक ही दिन में 440 मामलों का पता चला, जबकि ₹3,39,690/- (तीन लाख उनतालीस हजार छह सौ नब्बे रुपये) का जुर्माना वसूला गया। यह चालू वर्ष में मंडल की अब तक की सबसे अधिक एकदिनी कमाई बताई जा रही है।

यह अभियान मालदा मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
रेल प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी को भागलपुर–कहलगांव सेक्शन में कई प्रमुख ट्रेनों में टिकट जांच की गई, जिनमें
विक्रमशिला एक्सप्रेस, पटना–दुमका एक्सप्रेस, अंगा एक्सप्रेस, किउल इंटरसिटी एक्सप्रेस एवं साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस प्रमुख हैं।

ट्रेन में और स्टेशन पर चला संयुक्त अभियान
टिकट चेकिंग स्क्वॉड ने ट्रेन संख्या 13032 से भागलपुर (BGP) से कहलगांव (CLG) तक जांच की, जबकि वापसी यात्रा ट्रेन संख्या 15658 से की गई। इसके अतिरिक्त, भागलपुर स्टेशन पर मजिस्ट्रेट चेकिंग भी कराई गई, जिससे अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

टीमवर्क से मिली बड़ी सफलता
इस अभियान का नेतृत्व मुख्य टिकट निरीक्षक (CIT/भागलपुर) श्री दिलीप चौरसिया ने किया। उनके साथ वाणिज्य निरीक्षक, टिकट चेकिंग स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की सक्रिय भागीदारी रही। संयुक्त कार्रवाई से यात्रियों में नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ी है।

इन कर्मचारियों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
अभियान के दौरान टिकट जांच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों में
श्री मो. रिजवान अशरफी, श्री सुभाष झा एवं श्रीमती सुप्रिया रानी का नाम प्रमुख रहा। इन तीनों कर्मचारियों ने सर्वाधिक मामले पकड़े और अधिकतम जुर्माना वसूली की।

रेल प्रशासन की अपील
मालदा रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेलवे में अनुशासन, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *