मुंगेर जिला स्थापना दिवस : दो दिवसीय कार्यक्रम प्रभात फेरी के साथ शुरू

मुंगेर। मुंगेर जिला स्थापना दिवस का दो दिवसीय समारोह आज समाहरणालय परिसर से प्रभात फेरी के साथ शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अधिकारी एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा केक काटकर जिले की उन्नति और समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद जुबली वेल स्थित देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अधिकारियों ने कहा कि मुंगेर जिले का इतिहास गौरवशाली रहा है और स्थापना दिवस इस विरासत को याद करने तथा नए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। दो दिवसीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयोजन, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिताएं तथा जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
