मुंगेर–मोकामा फोरलेन परियोजना: भूमि मापी कार्य का डीएम ने लिया जायजा, रैयतों से बातचीत

मुंगेर। मुंगेर–मोकामा फोरलेन परियोजना को गति देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने भूमि अधिग्रहण कार्य के तहत चल रही जमीन मापी प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से मापी कार्य की अद्यतन स्थिति, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा तैयार रिपोर्टों की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर जाकर मापी की प्रगति का आकलन किया और राजस्व से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा की। डीएम ने स्पष्ट कहा कि फोरलेन परियोजना क्षेत्रीय विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए मापी कार्य को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।

स्थल निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थानीय रैयतों से भी बातचीत की। रैयतों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवज़ा, सीमांकन और मापी से जुड़ी अपनी समस्याएं सामने रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जिला प्रशासन किसानों और रैयतों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सहयोग की अपील करते हुए कहा— “आप सभी जिला प्रशासन का साथ दें, प्रशासन आपके साथ खड़ा है।”

कार्यक्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पंकज कुमार गुप्ता, संबंधित अंचलाधिकारी और अन्य कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मापी प्रक्रिया का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फोरलेन परियोजना के पूर्ण होने पर मुंगेर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुगमता, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *