मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बेतिया में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

बेतिया। संवाददाता
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 23 सितंबर को प्रस्तावित बेतिया दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए सोमवार को चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने रमना मैदान और प्रेक्षागृह का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल, वीआईपी मार्ग, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को परखा। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयास से कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा का सघन तंत्र सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री का बेतिया दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में सम्पन्न होगा।
