मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर बैजानी पंचायत का निरीक्षण

ऐतिहासिक तालाब की बदहाली पर प्रशासन सख्त, जांच के निर्देश
भागलपुर, प्रतिनिधि।
स्मार्ट सिटी भागलपुर में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित सभा स्थल, मीटिंग हॉल, हेलीपैड की संभावित व्यवस्था, आगमन-प्रस्थान मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने बैजानी गांव स्थित ऐतिहासिक तालाब की वर्तमान स्थिति का भी अवलोकन किया। मौके पर तालाब की स्थिति काफी जर्जर पाई गई। तालाब के किनारे बनी सरकारी सीढ़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं तथा तालाब का पानी सुखाए जाने की प्रक्रिया भी जारी है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग से विस्तृत जानकारी ली और तत्काल जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्पष्ट कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण से यह स्पष्ट है कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पूरी तरह सतर्क है और साथ ही क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं एवं जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठा रहा है।
मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी जगदीशपुर, अमित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
