मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया विश्व-प्रसिद्ध सोनपुर मेले का अवलोकन, जीविका दीदियों के स्टॉलों की सराहना

विश्व-प्रसिद्ध सोनपुर मेला 2025 का आज मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने विस्तृत अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने मेले में स्थापित विभिन्न विभागीय स्टॉलों के साथ-साथ जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए उत्पाद प्रदर्शन केंद्रों का निरीक्षण करते हुए लाभुकों से संवाद किया और उनकी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा बनाए जा रहे हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, कपड़े, खिलौने व अन्य घरेलू उत्पादों की गहन जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे ये उत्पाद न केवल महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती भी प्रदान कर रहे हैं।

सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत आर्थिक सहायता का वितरण

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सतत जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत चयनित लाभुकों को चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक उन्नति और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जीविका समूह आज बिहार के सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुके हैं।

मंत्री अशोक चौधरी और कई गणमान्य उपस्थित

कार्यक्रम में भवन निर्माण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जदयू कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएँ मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने मेले के आकर्षण, सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थापन की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सोनपुर मेला हर वर्ष की तरह इस बार भी सांस्कृतिक धरोहर, ग्रामीण परंपराओं, स्व-रोजगार और हस्तशिल्प के विविध रंगों से गुलजार है। मुख्यमंत्री के आगमन से मेले में उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *