मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन श्रद्धांजलि समारोह में हुए शामिल, शोकाकुल परिजनों को दिया संबल


बांका (बिहार), संवाददाता।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज बिहार के बांका जिला अंतर्गत बड़ी ढाका में आयोजित मंत्री संजय प्रसाद यादव की माताजी स्वर्गीय प्राणवती देवी के श्रद्धांजलि समारोह सह शांति भोज में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल पर पहुंचकर स्वर्गीय प्राणवती देवी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंत्री संजय प्रसाद यादव एवं उनके परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि माता का साया सिर से उठ जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी सहित बिहार और झारखंड के कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और शुभचिंतकों ने भी समारोह में शामिल होकर स्वर्गीय प्राणवती देवी के प्रति अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की।

समारोह स्थल पर शोक और संवेदना का वातावरण व्याप्त रहा। उपस्थित जनसमूह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को इस दुखद समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *