मुख्य सचिव ने किया मुंगेर का दौरा, मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा में घोषित योजनाओं की समीक्षा


मुख्य सचिव बिहार श्री प्रत्यय अमृत ने आज मुंगेर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के क्रम में मुंगेर जिले के लिए उद्घोषित विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा कई योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

समीक्षा के दौरान योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संबंधित वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित योजनाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

दौरे के दौरान प्रमुख योजनाओं से संबंधित स्थलों का निरीक्षण करते हुए श्री अमृत ने जमीनी हकीकत का जायजा लिया और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब उनका प्रभाव आम लोगों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने मुख्य सचिव को योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

प्रशासनिक स्तर पर हुए इस उच्चस्तरीय निरीक्षण से जिले में चल रही विकास योजनाओं को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *