मुहर्रम को लेकर बक्सर में फ्लैग मार्च, पुलिस-प्रशासन ने लिया शांति व्यवस्था का जायजा

बक्सर

मुहर्रम पर्व 2025 के अवसर पर जिले में शांति एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु शनिवार को बक्सर पुलिस द्वारा व्यापक तैयारी की गई। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार, एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अफाक अख्तर अंसारी द्वारा संयुक्त रूप से नया भोजपुर एवं डुमरांव में फ्लैग मार्च किया गया।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में घूमकर लोगों से संवाद स्थापित किया और त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। पुलिस बल की मौजूदगी ने लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य असामाजिक तत्वों में भय उत्पन्न करना तथा शांति बनाए रखने का संदेश देना था।

 

पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने बताया कि मोहर्रम के दौरान विधि व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। हर संवेदनशील स्थान पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और सीसीटीवी व गश्ती टीमों के जरिए निगरानी रखी जा रही है।

अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने कहा कि सभी ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरेंगे और इसके लिए पूर्व से ही प्रशासन द्वारा रूट निर्धारित किया गया है। वहीं, एसडीपीओ श्री अफाक अख्तर अंसारी ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।

जिला प्रशासन और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *