मुहर्रम को लेकर भागलपुर पुलिस सतर्क, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
धार्मिक स्थलों, चौक-चौराहों पर तैनात की गई अतिरिक्त पुलिस बल, शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने का प्रयास
भागलपुर, 05 जुलाई 2025।

आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर भागलपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत के निर्देश पर जिले भर में धार्मिक स्थलों, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
पुलिस बल को मुस्तैद रहने और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में गश्ती बढ़ा दी गई है, वहीं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रीय नागरिकों व ताजिया समितियों से समन्वय बनाकर नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, जैसे कि स्टेशन चौक, कचहरी चौक, खलीफाबाग, आदमपुर, तिलकामांझी, बरारी और हबीबपुर इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है। धार्मिक सौहार्द बनाए रखने हेतु सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय कर दिया गया है, जिससे अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोका जा सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मुहर्रम के दौरान डीजे पर प्रतिबंध, जुलूस के लिए पूर्व अनुमति तथा तय मार्ग का पालन अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख बिंदु:
- मुहर्रम को लेकर चौकसी बढ़ाई गई, संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात पुलिस बल
- CCTV व सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम सक्रिय
- डीजे, असलहा प्रदर्शन एवं भड़काऊ पोस्ट पर पूर्ण प्रतिबंध
- शांति समिति की बैठकों के जरिए सामूहिक समन्वय
#BhagalpurPolice
#HainTaiyarHum
#Muharram2025
#DistrictAdministrationBhagalpur
#BiharPolice
#PeaceAndHarmony
#सद्भाव_के_साथ_मुहर्रम
