मॉडर्न ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन में मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस, छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां

रिपोर्ट – संवाददाता, बौंसी (बांका)
बौंसी स्थित मॉडर्न ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन के नर्सिंग कॉलेज में गुरुवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष नदीम अख्तर, डायरेक्टर सरफराज एवं चंदा परवीन समेत अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अध्यक्ष नदीम अख्तर ने संबोधित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट का चिकित्सा जगत में विशेष महत्व है। स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य समाज में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी और योगदान को रेखांकित करना है।
फार्मेसी विभाग के प्राध्यापक आशीष ने छात्रों को संबोधित करते हुए फार्मासिस्टों के कार्य और महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे फार्मासिस्ट रोगियों को दवा की सही जानकारी देकर उपचार को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर फार्मेसी एवं नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नृत्य, गीत और नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष ने प्राध्यापकों और सहयोगी कर्मियों को भी शील्ड, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल के छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने इसे यादगार बना दिया।
