राजगीर: टू-लेन से फोर-लेन पथ निर्माण कार्य का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

आज जिला पदाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार द्वारा राजगीर भ्रमण कार्यक्रम के तहत राजगीर बाईपास से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, राजगीर तक प्रस्तावित टू लेन से फोर लेन पथ निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
यह परियोजना माननीय मुख्यमंत्री बिहार की प्रगति यात्रा के दौरान चिन्हित अवलोकन परियोजनाओं में शामिल है, जिसे शीघ्र प्रारंभ किया जाना है।
परियोजना विवरण:
- परियोजना का नाम: राजगीर बाईपास (NH-82) कि.मी. 77.00 से SH-71 कि.मी. 58.00 होते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मोड़ (SH-71 के कि.मी. 37+400) तक 2 लेन से 4 लेन पथ निर्माण कार्य।
- अनुमानित लागत: ₹120.00 करोड़ (₹12000.00 लाख मात्र)
- कुल लंबाई: 7.20 किलोमीटर
- वर्तमान चौड़ाई: 7.00–10.00 मीटर
- पथ संपर्क: नीमा ग्राम (SH-71, कि.मी. 58) से प्रारंभ होकर हसनपुर ग्राम (NH-82, कि.मी. 77) के समीप तक।
- महत्त्व: यह मार्ग अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन, खेल और शैक्षणिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। यह राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नालंदा विश्वविद्यालय, बिहार पुलिस अकादमी जैसे प्रमुख संस्थानों तक पटना और बिहारशरीफ से आसान और सुगम यातायात संपर्क प्रदान करेगा।
निर्देश और कार्य प्रारंभ की समयसीमा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने पथ प्रमंडल, हिलसा के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि यह कार्य जुलाई के प्रथम सप्ताह से हर हाल में प्रारंभ हो जाए। उन्होंने कार्य की गति, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
