राजगीर महोत्सव 2025 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

नालन्दा (राजगीर)। कुंदन कुमार, जिलाधिकारी, नालन्दा द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान आगामी राजगीर महोत्सव 2025 के सफल आयोजन को लेकर चल रही तैयारियों की कार्य प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विदित हो कि राजगीर महोत्सव 2025 का आयोजन 19, 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को मुख्य कार्यक्रम स्थल आरआईसीसी एवं हॉकी मैदान, राजगीर के निकट खाली भूखंड पर प्रस्तावित है। जिला प्रशासन द्वारा इस महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने हेतु विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक, सामाजिक, पर्यटन एवं जनसुविधा से जुड़ी गतिविधियों को शामिल किया गया है।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था, समारोह स्थल की तैयारी, लाइटिंग, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी एवं स्टॉल, कृषि मेला, व्यंजन मेला, महिला महोत्सव, सद्भावना मार्च, तांगा एवं पालकी सज्जा, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, जन सुविधा, खेल महोत्सव, नुक्कड़ नाटक, आमंत्रण पत्र वितरण, सर्व धर्म मंगलाचरण, वाहन पार्किंग, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, सड़क मरम्मती, विद्युत प्रकाश एवं लाइटिंग, निजी घरों, होटलों एवं अन्य भवनों की साज-सज्जा प्रतियोगिता, उद्घाटन एवं समापन समारोह तथा पुरस्कार वितरण सहित अन्य विषयों पर विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्यों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजगीर महोत्सव जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ा आयोजन है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अवसर पर राजगीर शहरी क्षेत्र के सभी होटलों, निजी भवनों एवं अन्य प्रतिष्ठानों को लाइटिंग से सुसज्जित करने हेतु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। बेहतर लाइटिंग एवं सजावट करने वाले व्यक्तियों/प्रतिष्ठानों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि राजगीर महोत्सव के दौरान मौर्यन एंपायर जैसी ऐतिहासिक धरोहरों की विशेष एग्जीबिशन लगाई जाए, ताकि आम दर्शकों को राजगीर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराया जा सके। साथ ही गुरुद्वारा, जरासंध अखाड़ा, शांति स्तूप, ब्रह्म कुंड सहित संपूर्ण राजगीर क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों के इतिहास को प्रदर्शित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर को निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय पर्यटकों की सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके अंतर्गत रात्रि ठहराव की सुविधा, पैकेज टूर, पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त लाइटिंग, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था, पुलिस की सॉफ्ट ट्रेनिंग, मल्टी स्टोरेज पार्किंग एवं वेंडिंग जोन को मजबूत किया जाए। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधा प्रदान कर अधिक से अधिक लोगों को राजगीर पर्यटन की ओर आकर्षित करना है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्टॉल एवं व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि महोत्सव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, नजारत शाखा उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक समाज कल्याण विभाग सहित कृषि एवं अन्य विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
@IPRDBihar
@ArtCultureBihar
