राजपुर विधानसभा क्षेत्र में सामान्य प्रेक्षक श्री के. विवेकानंदन ने सामग्री कोषांग का किया निरीक्षण

रिपोर्ट — बक्सर टाइम्स बिहार

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राजपुर विधानसभा क्षेत्र (संख्या-202) के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री के. विवेकानंदन ने मंगलवार को सामग्री कोषांग (Material Koshang) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान कार्य हेतु आवश्यक सामग्रियों के सुरक्षित भंडारण, वर्गीकरण एवं वितरण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में प्रेक्षक महोदय ने नोडल पदाधिकारी एवं उपस्थित कर्मियों से संवाद किया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, मतदान सामग्रियों के समयबद्ध प्रेषण, तथा अभिलेखों के सही संधारण पर विशेष बल दिया।

श्री विवेकानंदन ने अधिकारियों को परस्पर आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और सभी व्यवस्थाओं को पूर्व से ही संपूर्ण रूप में तैयार रखने के निर्देश दिए ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।

अधिकारियों ने प्रेक्षक महोदय को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और यह विश्वास दिलाया कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *