राजस्व एवं भूमि सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, लखीसराय समाहरणालय में समीक्षा बैठक

लखीसराय समाहरणालय स्थित सभागार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सभी स्तर के अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर देना रहा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभाग के प्रधान सचिव श्री सी.के. अनिल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े सभी कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित मामलों में आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री जय सिंह ने कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भू-अभिलेख अद्यतन एवं अन्य राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित समीक्षा, ऑनलाइन पोर्टल के प्रभावी उपयोग तथा शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
बैठक में लखीसराय के जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने जिले में संचालित राजस्व एवं भूमि सुधार से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की अद्यतन स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है और विभागीय समन्वय के माध्यम से कार्यों में तेजी लाई जा रही है।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार समेत विभाग के सभी वरीय एवं कनीय अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान लंबित मामलों की विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि जनहित से जुड़े राजस्व एवं भूमि सुधार के कार्यों में कोताही न बरती जाए और समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
Nitish Kumar
VIJAY KUMAR SINHA
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration, Lakhisarai
#Review
#Meeting
#Lakhisarai
#BiharBhumi
#BiharRevenueAndLandReformsDept
