राज्यस्तरीय युवा उत्सव में रोहतास के पार्थ कौशिक ने जीता वक्तृता में प्रथम पुरस्कार, जिले का नाम किया रोशन

रोहतास | मधुबनी
मधुबनी में 23–24 दिसंबर को आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय युवा उत्सव (2025–26) में रोहतास जिले के प्रतिभाशाली युवक पार्थ कौशिक ने वक्तृता (भाषण) विधा में प्रथम पुरस्कार हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे रोहतास जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 5–6 दिसंबर को सासाराम में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में सात विधाओं के अंतर्गत लगभग 500 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। इनमें वक्तृता विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद पार्थ कौशिक का चयन मधुबनी में आयोजित राज्यस्तरीय युवा उत्सव के लिए हुआ।

राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। 24 दिसंबर को घोषित परिणाम में पार्थ को वक्तृता विधा में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्थ कौशिक ने इसका श्रेय अपने माता–पिता, गुरुजनों, दलनायक पंकज आनंद, सोनी वर्षा तथा पूरे रोहतास दल को दिया। उन्होंने कहा कि संगीत शिक्षक दिलीप कुमार श्रीवास्तव, हिंदी शिक्षिका मंजुलिका पांडे तथा पूर्व सदनाध्यक्ष मोहम्मद इरफान के मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

पार्थ ने यह भी कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि माता–पिता, गुरुजनों, रोहतास दल और जिला प्रशासन के विश्वास एवं सहयोग का परिणाम है।
पार्थ ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि माननीय जिला पदाधिकारी उदिता सिंह के नेतृत्व में मिला सहयोग औपचारिक न होकर पारिवारिक स्नेह जैसा रहा, जिससे उन्हें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

पार्थ के पिता ने कहा कि बेटे की इस सफलता से पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है और उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य और जिले का नाम रोशन करेगा। वहीं पार्थ की माता ने खुशी व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उनका बेटा निरंतर प्रगति करे और समाज व मानव कल्याण के कार्यों में योगदान दे।

इस उपलब्धि पर जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, कॉलेज के गुरुजनों तथा कला एवं संस्कृति विभाग ने पार्थ को बधाई दी। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि पार्थ की सफलता से सभी में खुशी की लहर है और आगामी 10–12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव में बिहार के उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व की उन्हें पूरी उम्मीद है।

जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति कार्यालय ने पार्थ कौशिक को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी रोहतास, बिहार और देश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।

#YouthFestival #StateLevelYouthFestival
#ParthKaushik #RohtasNews
#BiharYouth #KalaSanskritiVibhag
#HindustanNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *