राज्य के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का : मुख्यमंत्री

पटना, 19 सितम्बर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के खजाने पर सबसे पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। सरकार हर परिस्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ी है और उनके राहत एवं पुनर्वास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को बिहटा स्थित SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) मुख्यालय परिसर में नवनिर्मित प्रशासनिक-सह-प्रशिक्षण भवन, आवासीय भवन तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का लोकार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नई अत्याधुनिक सुविधाओं के शुरू होने से राज्य में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों की क्षमता और भी मजबूत होगी। SDRF कर्मियों को अब बेहतर प्रशिक्षण के साथ-साथ रहने-सहूलियत भी उपलब्ध होगी। इससे आपदा जैसी विपरीत परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री, विधायक, वरीय अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने मौके पर SDRF के अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और निष्ठा ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में राज्य की छवि को बेहतर बनाया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नए भवन और सुविधाओं के साथ SDRF की कार्यक्षमता और अधिक बढ़ेगी और जनता को और बेहतर सेवा मिल सकेगी।
